फिट इंडिया फ्रीडम रन 28 अगस्त को

 सोलन।
देश की स्वतन्त्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर केन्द्रीय युवा सेवाएं एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में नेहरू युवा केन्द्र सोलन द्वारा 28 अगस्त, 2021 को ‘फिट इंडिया फ्रीडम रन’ का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी नेहरू युवा केन्द्र सोलन की उप निदेशक ईरा प्रभात ने आज दी।
उन्होंने कहा कि ‘फिट इंडिया फ्रीडम रन’ 28 अगस्त, 2021 को प्रातः 6.00 बजे चिल्ड्रन पार्क सोलन आरम्भ होगी। फिट इंडिया फ्रीडम रन चिल्ड्रन पार्क सोलन से मालरोड सोलन होते हुए चम्बाघाट तथा चम्बाघाट से पुनः वापिस चिल्ड्रन पार्क सोलन में समाप्त होगी।
ईरा प्रभात ने कहा कि फिट इंडिया फ्रीडम रन से पहले सभी को फिट इंडिया की शपथ दिलाई जाएगी। इस अवसर पर भारत की स्वतन्त्रता की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में संदेश भी सुनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस अवसर पर केन्द्रीय युवा सेवाएं एवं खेल मंत्रालय द्वारा देश के 29 राज्यों के 744 जिलों के विभिन्न विकास खण्डों के 75 कस्बों और गांवों में भिन्न-भिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। आजादी की दौड़ का यह कार्यक्रम 02 अक्तूबर, 2021 तक आयोजित किया जाएगा।
ईरा प्रभात ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत करना तथा उन्हें स्वस्थ रहने के प्रति जागरूक बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *