संदिग्ध हालत में विवाहिता की मौत
जौनपुर।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के अफलेपुर गांव में रविवार की रात विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुरालीवाले विषैले जंतु के काट लेने से मौत होने की बात कह रहे हैं। जब कि मायके पक्ष का आरोप है कि उसे जहर खिलाकर मार डाला। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। जानकारी होने के बाद पहुंचे परिजनों ने इस बाबत पुलिस से शिकायत भी की है। प्रेम विवाह की जानकारी होने के बाद पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। उक्त गांव की 22 वर्षीया हसीना पत्नी सुफियान अहमद की कल रात रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष के लोगों ने रात दस बजे मायके वालों को विष खोपड़ा के काट लेने से मृत्यु होने की सूचना दी। हसीना के मायके गांव सुदनीपुर कोतवाली मड़ियाहूं से रात में ही पिता मोहम्मद हसन शाह, भाई माजिद, इस्लाम व चाचा निजाम शाह आ गए। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। रात में पुलिस मौके पर आई तो, लेकिन पूछताछ कर लौट गई। सोमवार की सुबह फिर आई पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत हसीना के तीन महीने की बच्ची है। उसने करीब दो वर्ष पूर्व सुफियान से प्रेम विवाह किया था। पुलिस का कहना है कि सुफियान सऊदी अरब में है। शाम को सुफियान से मोबाइल फोन पर बात बातचीत के दौरान हसीना ने पैर में कुछ काट लेने की बात बताई थी। सुफियान ने तुरंत फोन काटकर इसकी जानकारी अपनी बहनों को दी, लेकिन पैर में किसी जंतु के काटने का निशान नहीं मिला। पुलिस के अनुसार यह घटना संदिग्ध मालूम पड़ रही है। बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण साफ हो सकेगा। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में पुलिस कोई कार्रवाई कर सकेगी।
