हादसों में शिक्षक और प्रॉपर्टी डीलर की मौत

 
कानपुर।
बिधनू में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में शिक्षक और प्रॉपर्टी डीलर की मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
साकेत नगर निवासी नितिन मारवाह (43) बिधनू के जामू गांव स्थित जवाहर लाल नेहरू इंटर कॉलेज में प्रवक्ता थे। परिवार में पत्नी दिशा, बेटी उत्सवी और बेटा एकांश है। नितिन के छोटे भाई शिखिल उन्नाव में न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी में डिवीजनल मैनेजर है। शिखिल ने बताया कि बुधवार सुबह नितिन बाइक से कॉलेज पढ़ाने जा रहे थे,तभी माधवबाग के पास तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद भाग रहे पिकअप चालक को राहगीरों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया। परिजनों ने उन्हें सर्वोदय नगर स्थित रीजेंसी हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां नितिन ने दम तोड़ दिया। हेलमेट लगाने के बावजूद सिर में काफी चोट आई थी।
ट्रक ने रौंदा 
कल्याणपुर के रावतपुर गांव के रोशन नगर निवासी प्रॉपर्टी डीलर फिरोह अहमद (50) मंगलवार देर शाम पत्नी रेशमा बेगम के साथ बाइक से घाटमपुर से घर लौट रहे थे। हरबसपुर गांव के पास हाईवे किनारे टॉयलेट जाने के लिए फिरोज ने बाइक खड़ी की, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह गिर पड़े तभी भागने के प्रयास में ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। पत्नी रेशमा ने आरोपित ट्रक चालक पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। छोटे भाई निहाल ने बताया कि फिरोज की तीन बेटियां अजरा,फिजा और मानू हैं। बिधनू थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *