‘‘मेगा क्रेडिट कैम्प’’ में विभिन्न बैंकों ने दिया 100 करोड़ का ऋण
झांसी।
विकास भवन सभागार में विभिन्न रोजगार परक योजनाओं में रु 100 करोड़ से अधिक धनराशि का ऋण वितरण किये जाने हेतु मेगा क्रेडिट कैम्प का आयोजन हुआ। जिला प्रशासन एवं जिला अग्रणी बैंक पीएनबी के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित ‘‘मेगा क्रेडिट कैम्प’’ के मुख्य अतिथि मेयर रामतीर्थ सिंघल ने कहा कि सम्पूर्ण भारत वर्ष एवं उ0प्र0 आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर आजादी महोत्सव मना रहा है। इसी क्रम में ऋण वितरण कैम्प का आयोजन हुआ।
मेयर रामतीर्थ सिंघल ने कहा कि जनपद में आजादी का अमृत महोत्सव के अन्तर्गत आज सचमुच ऋण वितरण के माध्यम से अमृत वर्षा हो रही है, उन्होंने कहा कि आज जो लाभार्थी इस ऋण रूपी अमृत वर्षा से आच्छादित हो रहे हैं, वह यह सुनिश्चित कर लें कि जिस इच्छा से और जिस योजनान्तर्गत ऋण ले रहे हैं उसे उसी योजना में खर्च करते हुये समय पर बैंक को ऋण अदायगी करें।
कैम्प” की अध्यक्षता करते हुये जिलाधिकारी आन्द्रा वामसी ने कहा कि आजादी के 75 वर्ष को याद करते हुये “मेगा क्रेडिट कैम्प” का आयोजन किया जा रहा है। उन्होने समस्त लाभार्थियों को शुभकामनायें देते हुये कहा कि प्राप्त ऋण को योजनान्तर्गत ही व्यय करें।
उन्होने कहा कि कोविड-19 की समस्या नहीं है, कारोबार व्यवस्थित हो गया है। जनपद में शासकीय विभागों के लक्ष्य के सापेक्ष वसूली बेहतर हो रही है।
जिलाधिकारी ने “मेगा क्रेडिट कैम्प” में उपस्थित विभिन्न लाभार्थियों व बैंकर्स, अन्य अधिकारियों से कहा कि जनपद में बड़े ही हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है आजादी का अमृत महोत्सव। इसके अन्तर्गत आयोजित हो रहे कार्यक्रम में आप सभी सहयोगी बने। “मेगा क्रेडिट कैम्प” में स्वयं सहायता समूह की महिलायें जिनको कार्यशील पूंजी के रुप में 06 लाख रुपये का ऋण दिया जाता है। आज योजनान्तर्गत 84 लाभार्थियों को 5 करोड़ 40 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। उन्होने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना में बेरोजगारी को अपना स्वरोजगार प्रारम्भ करने हेतु ऋण प्रदान करने एक महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजनान्तर्गत उद्योग क्षेत्र में अधिकतम रु 25 लाख तथा सेवा क्षेत्र में इकाई स्थापित करने हेतु रु 10 लाख अधिकतम प्रदान किया जाता है। आज इस योजनान्तर्गत जनपद में 30 लाभार्थियों को लगभग रु 1.50 करोड़ ऋण स्वीकृति किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में उ0प्र0 सरकार द्वारा बेरोजगार युवक, युवतियों को अधिकतम रु 25 लाख ऋण प्रदान किया जाता है, जिसमें 25 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जाता है। इस योजना में आज “मेगा क्रेडिट कैम्प” में 18 लाभार्थियों को लगभग रु 96 लाख ऋण स्वीकृत किया गया। उन्होने एक जनपद एक उत्पाद वित्तपोषण योजना में जनपद हेतु चयनित सॉफ्ट टवायज की इकाईयों को अपना उद्यम संचालन करने हेतु ऋण प्रदान किया जाता है। आज मेगा क्रेडिट कैम्प में 14 लाभार्थियों को लगभग रु 40 लाख ऋण स्वीकृत किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने “मेगा क्रेडिट कैम्प” में किसान क्रेडिट कार्ड योजनान्तर्गत 1752 कृषकों को रु 46 करोड़ 55 लाख का ऋण स्वीकृत किया गया की जानकारी दी। कैम्प में सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम के अन्तर्गत नये उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिये बैंको द्वारा ऋण प्रदान किया जाता है। इसके तहत लगभग 52 करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। इसी क्रम पीएम स्वनिधि के अन्तर्गत स्ट्रीट वेण्डर्स को 10 हजार रुपये एक वर्ष के लिये ऋण प्रदान किया जाता है। इस योजनान्तर्गत जनपद में 2527 स्ट्रीट वेण्डर्स को ऋण स्वीकृत किया गया। उन्होने बताया कि लक्ष्य 100 करोड़ ऋण वितरण का था परन्तु जनपद में विभिन्न लाभकारी योजनाओं के अंतर्गत 106 करोड़ रुपये ऋण वितरण किया गया। “मेगा क्रेडिट कैम्प” में पीएनबी के सर्किल हेड श्री प्रभात शुक्ला ने भी विभिन्न बैंकों द्वारा विभिन्न योजनान्तर्गत ऋण वितरण की जानकारी देते हुये कहा कि क्षेत्र के विकास में बैंकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
