दिल्ली आईजीआई एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी

नई दिल्ली ।

राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। आतंकवादी संगठन अल कायदा के नाम से ये धमकी दी गई है। दिल्ली पुलिस को ईमेल के जरिये यह चेतावनी भरा संदेश भेजा गया है। ईमेल में एक कपल के नाम से धमकी मिली है, जिसमें अगले कुछ दिनों में एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की बात कही गई है। इसके बाद सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। साथ ही एयरपोर्ट पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
बीती शाम को आए मेल में मिला था, इसमें कहा गया है कि करणबीर सूरी उर्फ मोहम्मद जलाल और उसकी पत्नी शैली शारा उर्फ हसीना रविवार को सिंगापुर से भारत आ रहे हैं। वो एयरपोर्ट पर अगले एक से तीन दिन में बम रखने की साजिश रच रहे हैं। धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं, और सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
जांच करने पर डीआईजी ने बताया कि पहले भी समान नामों और समान विवरणों के साथ धमकी संदेश मिला था। उनके मुताबिक, पहले करणबीर और शैली को आईएसआईएस का सरगना बताया था, उसमें भी यही लिखा था कि दोनों आ रहे हैं और एक से तीन दिन में एयरपोर्ट पर बम धमाके करने की साजिश रचेंगे।
इससे पहले 18 अप्रैल को दिल्ली एयरपोर्ट पर एक विमान को बम से उड़ाने की धमकी से सनसनी फैल गई थी। बंगलूरु से दिल्ली आने वाली फ्लाइट में एक यात्री को वाशरूम में एक पर्ची मिली थी, जिसमें विमान में बम होने और उसके दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचते ही उड़ाने की बात लिखी हुई थी।
विमान के दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचते ही बम निरोधक दस्ते ने उसकी पूरी तलाशी ली। लेकिन विमान में कोई विस्फोटक नहीं मिला था। एयरपोर्ट पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया था कि विमान को बम से उड़ाने की धमकी भरा पत्र मिलने की जानकारी पुलिस को दी गई थी। किसी यात्री ने विमान के वाशरूम में एक टिश्यू पेपर का टुकड़ा पड़ा हुआ देखा था। जिसमें लिखा हुआ था कि बंगलूरू से दिल्ली आने वाली एयर एशिया की फ्लाइट में बम है।
विमान के दिल्ली पहुंचते ही उसमें धमाका कर दिया जाएगा। यात्री ने तुरंत इसकी सूचना आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस को दी। पुलिस ने छानबीन शुरू की। पुलिस ने एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ व अन्य सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया था। साथ ही बम निरोधक दस्ता को एयरपोर्ट पर तैनात कर दिया गया था।
एयरपोर्ट पर पहुंचते ही विमान को पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने अपने कब्जे में ले लिया और उसकी चप्पे चप्पे की तलाशी ली गई थी। तलाशी के दौरान विमान से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।

RNS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *