तीर्थपुरोहितों ने किया आंदोलन को उग्र रूप देने का निर्णय
ऋषिकेश।
तीर्थपुरोहित हक हकूकधारी महापंचायत समिति ने देवस्थानम बोर्ड के खिलाफ चल रहे आंदोलन को और आक्रामक करने का निर्णय लिया है। कहा कि बदरीनाथ, केदारनाथ धाम के साथ ही यमुनोत्री, गंगोत्री, ऋषिकेश, देहरादून, अगस्तमुनि और गौरीकुंड के धामों पर धरना प्रदर्शन और क्षेत्र में पहुंचने वाले भाजपा प्रतिनिधियों का घेराव किया जाएगा। रविवार को तीर्थपुरोहित हक हकूकधारी महापंचायत समिति के अध्यक्ष कृष्णकांत कोटियाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में चार धामों समेत अन्य प्राचीन मठ मंदिरों के अधिग्रहण को बने देवस्थानम बोर्ड की खिलाफत की गई। समिति अध्यक्ष कोटियाल ने कहा कि दो महीने पहले पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने देवस्थानम बोर्ड पर पुनर्विचार करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में सरकार की मंशा पर शक हो रहा है।
