मध्य प्रदेश में अन्न-उत्सव 7 अगस्त को, प्रधानमंत्री करेंगे संबोधित

भोपाल ,04 अगस्त।

मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रि-परिषद की बैठक के पहले मंत्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि सात अगस्त को प्रदेश में आयोजित होने वाला प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना कार्यक्रम राज्य शासन का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। अन्य राज्यों के मंत्री एवं अधिकारी कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए मध्यप्रदेश आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सात अगस्त को प्रदेश की समस्त 25 हजार 435 उचित मूल्य दुकानों पर अन्नोत्सव का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक दुकान पर 100 हितग्राहियों को बैग में राशन सामग्री का वितरण किया जाएगा। यह आयोजन कोविड-19 की सावधानियों का पालन करते हुए सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक दुकान के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए।
मुख्यमंत्री चौहान ने बताया कि 7 अगस्त को प्रात: 10 बजे आरंभ होने वाले इस कार्यक्रम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 11 बजे वर्चुअली जुड़ेंगे। सभी उचित मूल्य की दुकानों पर उपस्थित हितग्राहियों के साथ इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से भी जन-सामान्य को कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। प्रभारी मंत्री अपने जिले में कार्यक्रम की तैयारियों के लिए आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कोरोना संक्रमण को लेकर प्रदेश में निरंतर सतर्कता की आवश्यकता है। सागर संभाग में प्रकरण बढ़ रहे हैं, यह चिंता का विषय है। प्रस्तुतिकरण में जानकारी दी गई कि प्रदेश में 139 सक्रिय प्रकरण विद्यमान हैं। प्रदेश के 9 जिलों सागर, भोपाल, दमोह, इंदौर, राजगढ़, बालाघाट, छतरपुर, जबलपुर और सतना में कोरोना प्रकरण मौजूद हैं। शेष 43 जिलों में कोई प्रकरण नहीं है। प्रदेश में प्रतिदिन 70 से 75 हजार टेस्ट किए जा रहे हैं। टीकाकरण अभियान निरंतर जारी है। 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 2 करोड़ 78 लाख लोगों को प्रथम डोज और 53 लाख व्यक्तियों को द्वितीय डोज लगाया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *