अनार, अमरूद, बीयूल और कचनार के पौधे किए रोपित

सोलन।

डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी में एक महीने से चल रहे वन महोत्सव अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा वृक्षारोपण किया जा रहा है। इसके तहत विश्वविद्यालय के कीट विज्ञान विभाग द्वारा पौधरोपण अभियान चलाया गया। विभाग के वैज्ञानिकों और कर्मचारियों ने सुभाष पालेकर प्राकृतिक कृषि अनुसंधान फार्म पर नए बाग़ीचे लगाने के लिए पौधे रोपे।

औद्यानिकी महाविद्यालय की डीन डॉ. अंजू धीमान की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम चलाया गया। इस अवसर पर कीट विज्ञान विभाग के विभाग अध्यक्ष डॉ. राज कुमार ठाकुर, विश्वविद्यालय में सुभाष पालेकर प्राकृतिक कृषि परियोजना के समन्वयक डॉ. सुभाष वर्मा सहित विभाग और परियोजना में कार्य कर रहे सभी वैज्ञानिकों और कर्मचारियों ने पौधे लगाए। इस अवसर पर अमरूद, अनार के पौधे लगाए गए। इन पौधों पर प्राकृतिक कृषि के तहत अनुसंधान किया जाएगा। इसके अलावा चारे के लिए बीयूल और कचनार के पौधे भी रोपे गए।

विश्वविद्यालय द्वारा पिछले एक माह से वन महोत्सव मनाया जा रहा है, जिसमें 4700 से अधिक पौधे रोपे जा रहे है। 1 जुलाई से शुरू हुए इस कार्यक्रम का समापन 4 अगस्त को डॉ. यशवंत सिंह परमार जयंती को किया जाएगा। विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केन्द्रों और क्षेत्रीय अनुसंधान केन्द्रों और औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नेरी और थुनाग में भी इस दिन वन महोत्सव मनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *