हिमाचल प्रदेश: भारी बारिश ने मचाई तबाही, नाले में आई बाढ़, एक दर्जन से ज्यादा लोग लापता, सैंकड़ों सड़कें बंद

शिमला।

कई जिलों में मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बीच मंगलवार रात से हो रही भारी बारिश हिमाचल में कहर बनकर बरस रही है। यहां भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। प्रदेश भर में 13 लोग लापता हो गए हैं। लाहौल स्पीति के तोजिंग नाले में आई बाढ़ से 10 लोग लापता हो गए हैं। कुल्लू जिला में 25 वर्षीय महिला अपने चार वर्षीय बच्चे के साथ पार्वती नदी में बह गई है। इसके अलावा कुल्लू में दिल्ली की एक पर्यटक महिला भी लापता हुई है। किन्नौर में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। शिमला-कालका नेशनल हाइवे जगह-जगह भूस्खलन से बंद हो गया है।

इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। हमीरपुर की पटेरा पंचायत के पास सड़क पर बस पलट गई हालांकि सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। मंगलवार रात से बुधवार सुबह आठ बजे तक प्रदेश में सबसे अधिक बारिश धर्मशाला में 101 मिलीमीटर रिकार्ड हुई। राजधानी शिमला में भी कई जगह भूस्खलन होने से गाड़ियां दब गई हैं। प्रदेश भर में सैकड़ों सड़क मार्गों पर वाहनों की आवाजाही ठप पड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *