भूमिधरों के मुआवजों का तत्काल भुगतान करें : महाराज

पौड़ी।

पर्यटन , लोनिवि और जलागम मंत्री सतपाल महाराज ने लोनिवि अफसरों को अब तक लंबित भूमिधरों के मुआवजों को तत्काल देने को कहा है। महाराज ने कहा सडक़ों में जिन लोगों की भूमि ली गई है उनके भुगतान में देरी न की जाए। चौबट्टाखाल विधानसभा भ्रमण के दौरान महाराज ने जलागम विकास निधि के तहत लाभार्थियों को चेक भी दिए। कहा कि पौड़ी जिले के पोखड़ा और एकेश्वर ब्लाकों में चल रही जलागम परियोजना के लिए साढ़े छह करोड़ रुपए का इजाफा किया गया है। इससे परियोजना के 62 ग्राम पंचायतों के लोगों को लाभ मिलेगा। जलागम संबंधी कामों में तेजी आएगी। सतपाल महाराज ने ब्लाक मुख्यालय पर करीब 4 करोड़ की लागत से बनने वाले विकासखण्ड कार्यालय भवन के अनावासीय भवन का शिलान्यास और लघु सिंचाई विभाग द्वारा नाबार्ड की मदद से बनने वाली 26.91 लाख लगात के चैक डैम घल्डियाल, भदोली, सकनोली योजना के शिलान्यास किया। सतपाल महाराज ने कहा कि जलागम फेज-2 परियोजना के तहत आने वाली 62 ग्राम पंचायतों में जिसमें एकेश्वर और पोखड़ा ब्लाक की 36-36 पंचायते शामिल है उनके लिए जलागम विकास निधि के बजट में साढ़े 6 करोड़ का बजअ और दिया गया है। इस मौके पर महाराज ने 5 लाभार्थीयों को गाय खरीदने हेतु 20-20 हजार और एक ग्रुप को एक लाख की धनराशि के चेक भी वितरित किए। इसके बाद भदोली में 104.06 की धनराशि से बने 2 किमी संपर्क मार्ग का लोकार्पण, पोखड़ा में 15 लाख की लागत से बने कमलपुर इंटर कॉलेज से संगलाकोटी झूला पुल तक 1.5 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग का लोकार्पण, 21.40 लाख की धन राशि से बनने वाले संगलाकोटी भैडग़ांव मोटर मार्ग के डामरीकरण का शिलान्यास और विकासखण्ड एकेश्वर में सिंचाई विभाग की 110.36 लाख से निर्मित होने वाली संगलाकोटी में मछलाड़ नदी बाढ़ सुरक्षा योजना का भी लोकार्पण किया।

महाराज ने जलागम अफसरों को भी कामों में तेजी लाने को कहा। इस दौरान रीठाखाल के समीप हरेला के तहत पौधरोपण भी किया गया। महाराज ने निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग तीन सौ यूनिट फ्री बिजली देने की बात करते हैं, उन्हें मालूम नहीं है कि उत्तराखंड का नौजवान जो कि देश की रक्षा के लिए अपना खून देने में हमेंशा आगे रहता है और यहां के लोग जिनके श्रम और ईमानदारी से सभी परिचित हैं, कभी भी फ्री के झांसे में नहीं आने वाले। महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। सीएम पुष्कर सिंह धामी प्रदेश के सर्वांगीण विकास की सोच को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। सतपाल महाराज ने लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को विभिन्न क्षेत्रों में सडक़ों के निर्माण के समय अधिग्रहित की गई लोगों की भूमि के वर्षों से लंबित मुआवजों के शीघ्र भुगतान करने और शासनादेश के तहत कार्य करने के साथ-साथ सडक़ों के निर्माण में गुणवत्ता का ख्याल रखने को कहा। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख नीरज पांथरी, पुष्कर जोशी, उनके पुत्र सुयश रावत, पुत्र वधु मोहिना रावत, पोखड़ा ब्लाक प्रमुख प्रीति देवी, मण्डल अध्यक्ष महिपाल सिंह नेगी, ग्राम प्रधान कु. मोनिका भदोला, जिला पंचायत सदस्य कुसुम रावत सहित जलागम के डीपीडी आरसी तिवारी, यूनिट अफसर सोहन लाल कंडवाल, भगत सिंह, सोबन सिंह, पुष्कर जोशी, विजय भारत नेगी, लता देवी, सुशील कुमार, जितेन्द्र सिंह, बलवन्त सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *