देसी-विदेशी फिल्मों से गुलजार होंगे थिएटर
मुंबई……..
कोविड-19 के चलते पिछले साल अधिकांश समय थिएटर बंद रहे और जो फिल्में रिलीज हुईं ओटीटी प्लेटफॉर्म पर चलीं। इस साल थिएटर नई फिल्मों से गुलजार रहने वाले हैं, जिनमें से अब तक लगभग 17 बॉलीवुड फिल्मों की रिलीज का एलान हो चुका है। इनमें रणवीर सिंह की 83 और जयेशभाई जोरदार, अक्षय कुमार की बेल बॉटम रणवीर कपूर की शमशेरा और अजय देवगन की मैदान शामिल हैं। यशराज फिल्म्स ने सबसे पहले 2021 के लिए अपना रिलीज कैलेंडर जारी करके थिएटर वालों को बड़ी राहत दी है। पिछले साल अक्टूबर में थिएटर दोबारा खुल तो गए थे लेकिन उनको कंटेंट की कमी से जूझना पड़ रहा था। कोविड-19 की वजह से हुए लॉकडाउन के चलते थिएटर पिछले साल मार्च से बंद पड़े थे। कुछ हॉलीवुड और रीजनल फिल्मों ने दर्शक खींचे, लेकिन थिएटर वालों की नजरें बॉलीवुड फिल्मों पर गड़ी थीं। दरअसल, उनको 60 पर्सेंट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन हिंदी फिल्मों से हासिल होता है। एलारा कैपिटल के वाइस प्रेसिडेंट करण तोरानी के मुताबिक वित्त वर्ष 2022 में 100 करोड़ रुपए प्लस कमाई वाली हॉलीवुड, बॉलीवुड और रीजनल फिल्में सबसे ज्यादा आ सकती हैं। तोरानी के मुताबिक, अकेले रणवीर सिंह की दो फिल्में बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ रुपए की कमाई करा सकती हैं। इनमें से 250 करोड़ रुपए की कमाई 83 करा सकती है और जयेशभाई जोरदार 170 करोड़ रुपए दिला सकती है।
