पेयजल योजनाओं को समय से पूरा करें विभाग : डीएम दीक्षित  

नई टिहरी

डीएम मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक ली। बैठक में जल संस्थान व जल निगम को हर घर जल सर्टिफिकेशन के कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिओ टैगिंग के कामों शत-प्रतिशत पूरा करने व पेयजल योजनाओं के कामों को त्वरित गति से आगे बढ़ाने के निर्देश दिये। जिला सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने जल जीवन मिशन के तहत चलने वाले कामों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि जल संस्थान एवं जल निगम के अधिकारी पंचायती राज विभाग के साथ समन्वय कर रोस्टर बनाकर हर घर जल सर्टिफिकेशन के कार्यों में प्रगति लाएं। वित्तीय प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि जिन पेयजल योजनाओं में जीएसटी के कारण तथा डीपीआर संशोधन के बाद धनराशि में वृद्धि हुइ है, उनकी सूची बनाकर अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करें। कोश्यिार ताल पम्पिंग योजना की जानकारी ली और निर्देश दिये कि जांच समिति की रिपोर्ट आने पर ही नियमानुसार सम्बंधित को भुगतान करना सुनिश्चित करें। कहा कि निर्माणाधीन योजनाओं के कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाये, जिन योजनाओं के कार्य पूर्ण हो गये हैं, उन्हें हैण्डओवर करें। जल जीवन मिशन योजना के तहत मानकानुसार कार्य करें तथा जेई निगरानी करते रहे। बैठक में पीडी डीआरडीए ने विभिन्न ब्लॉकों के सत्तर सामुदायिक शौचालयों के प्रस्ताव बैठक में रखे। जिस पर डीएम ने कहा कि सभी शौचालय फंक्शनल हो और उनकी साफ-सफाई एवं सक्रिय रखने को यूजर चार्जेज निर्धारित करें। बैठक में देव ऋषि एजुकेशनल सोसायटी के नितिन चढ्ढा ने मॉडल वर्क विलेज के पायलट प्रोजेक्ट के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि सोसायटी जनपद टिहरी में 325 गांवों में मनरेगा के साथ कनवर्जन में करेगी, जिसमें प्रथम चरण में 85 गांवों में कार्य होने हैं। डीएम ने जल्द गांव चिन्ह्ति कर जल्द बेस लाइन के कार्यों को शुरू करने को कहा गया। इस मौके पर पीडी डीआरडीए विवेक उपाध्याय, डीडीओ मो असलम, एसई जल संस्थान विनोद रमोला, एसई पेयजल निगम आलोक कुमार, ईई जल संस्थान प्रशान्त भारद्वाज, जीतमणी बेलवाल, नरेशपाल, ईई पेयजल निगम केएन सेमवाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *