शराब दुकान पर ओवर रेटिंग व कोविड नियमों की अनदेखी

नई टिहरी। घनसाली बाजार स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान में ओवर रेटिंग के साथ ही कोविड नियमों की अनदेखी करने का लोगों ने आरोप लगाते हुए दुकान संचालकों पर कार्रवाई की मांग की है। कहा एक ओर कोविड कर्फ्यू के दौरान आवश्यक वस्तुओं की दुकानों के लिए कोविड नियमों का सख्त से पालन करने को कहा जा रहा है, लेकिन घनसाली क्षेत्र में अवैध रुप से शराब बेचने वालों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं हो रही है। घनसाली में पुलिस प्रशासन के नाक के नीचे शराब की अवैध बिक्री तथा ओवर रेटिंग होने से क्षेत्र के लोगों में खासा रोष बना है। नशा विरोधी मंच के सदस्य केशर सिंह रावत ने कहा कि पुलिस प्रशासन के संरक्षण से ही घनसाली में अवैध शराब की बिक्री हो रही है। बताया कुछ दिन पूर्व एक ग्राहक द्वारा ओवर रेटिंग का विरोध करने पर दुकान में कार्यरत कर्मचारियों ने उसके साथ मारपीट की। कहा दुकान के कर्मचारी रात को शराब वाहनों में भरकर ग्रामीण क्षेत्रों में ले जाकर दोगुने दामों पर बेच रहें हैं। साथ ही दुकान बंद होने के बावजूद निचली मंजिल में रखी शराब को पिछले दरवाजे से बेचा जा रहा है। आरवी सिंह, गोविंद बड़ोनी आदि ने जिलाधिकारी से क्षेत्र में अवैध रुप से शराब बेचने वालों तथा दुकान संचालक के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *