गोपालकोट के पहाड़ियों में लगी आग
बागेश्वर
ठंड में भी गोपालकोट की पहाड़ियां आग से धधक रही हैं। आग लगने से जंगली जानवरों का रुख आबादी की ओर हो गया है। जिससे गांवों में दहशत हो गई है। कत्यूर घाटी में अब ठंड बढ़ने लग गई है। ठंड में भी गोपालकोट व सुपताल के जंगलों में आग सुलग गई है। जिससे लाखों की वन संपदा खाक हो रही है। जंगलों में आग लगने से कई गांवों में गुलदार का आतंक बढ़ गया है। जिससे गांवों में दहशत बढ़ गई है। इन दिनों शादी-बारातों का सीजन चल रहा है। लोग देर रात्रि घर लौट रहे हैं। ऐसे में उन्हें जंगली जानवरों का खतरा बना हुआ है। वन विभाग भी लाचार बना हुआ है। कई बार बादल छाने के बाद भी बरसात नहीं हो रही है। यदि समय रहते दावाग्नि पर वन विभाग ने नियंत्रण नहीं किया, तो स्थिति ठंड में और भी भयावह हो सकती है। इससे कौसानी व बैजनाथ पहुंचने वाले पर्यटकों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इधर बैजनाथ के वन क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र सिंह का कहना है कि वनाग्नि पर नियंत्रण करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
