राज्यपाल मौर्य ने किया कुमाऊं विवि के एडमिशन पोर्टल का शुभारंभ

नैनीताल

कोरोना काल में लंबे समय से शैक्षिक गतिविधियों पर रोक के बाद अब कुमाऊं विवि की ओर से प्रवेश समेत अन्य प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं। कुलाधिपति राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने शुक्रवार को राजभवन में कुमाऊं विवि की ओर से नए शैक्षिक सत्र के लिए बनाए गए ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के ईआरपी सॉफ्टवेयर सिस्टम का अवलोकन भी किया। शुक्रवार को ऑनलाइन पोर्टल के शुभारंभ के दौरान राज्यपाल ने कहा कि विश्व भर में व्याप्त कोरोना संकट के बीच विद्यार्थियों की सुविधा के लिए कुविवि की ओर से नए शैक्षिक सत्र के लिए ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल शुरू किया जा रहा है। साथ ही अकादमिक व प्रशासनिक क्रिया कलापों में पारदर्शिता तथा गुणवत्ता को लेकर ईआरपी सॉफ्टवेयर सिस्टम को डेवलप किया है। उन्होंने नेशनल इंस्टीटूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क में स्थान बनाने के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रयास के लिए विवि की सराहना की। कहा विवि की ओर से प्लेसमेंट एंड कॉउंसलिंग सेल का पुनर्गठन करते हुए छात्रहित में इनोवेशन एंड इन्क्यूवेशन सेंटर तथा कॉम्पिटिटिव एग्जामिनेशन सेंटर की स्थापना किए जाने से छात्रों को लाभ मिलेगा। कुलपति प्रो. एनके जोशी ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन तथा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से विवि की उपलब्धियों की जानकारी दी। कहा कि विवि की ओर से नव निर्मित ईआरपी सॉफ्टवेयर सिस्टम के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया तथा प्रवेश वरीयता सूची, शुल्क जमा एवं वापसी, मूल शैक्षिक उपाधिपत्र की प्राप्ति, छात्रों की प्रतिक्रियाएं व शिकायतें, सूचना का अधिकार संबंधी आवदेन, वार्षिक व सेमेस्टर परीक्षा के लिए आवेदन, परीक्षा परिणाम तथा संबद्धता प्राप्ति को लेकर आवेदन कार्य वर्तमान में ऑनलाइन प्रक्रिया से संचालित किए जा रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *