भनारघाटी में जल्द लगेगा बीएसएनएल टावर
बागेश्वर
कपकोट के भनार घाटी में शीघ्र बीएसएनएल टावर लगेगा। क्षेत्र के लोगों को संचार सुविधाएं मिल सकेंगी। रविवार को टावर के लिए स्थान चयन किया गया। जिस स्थान पर टावर लगेगा वहां की मिट्टी के सेंपल भी लिए गए। क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया का सपना अब कपकोट के सुदूरवर्ती हिमालयी गांवों में भी साकार होगा। बीएसएनएल ने कदमताल शुरू कर दी है। भनार घाटी के खड़लेख, बुर्जाधार में रविवार को टावर लगाने को स्थल की मिट्टी जांच के लिए ली गई। यहां टावर लगने से भनार घाटी की लगभग बीस हजार से अधिक जनसंख्या को लाभ मिलेगा। वर्तमान में संचार सुविधा नहीं होने से लोगों को तहसील मुख्यालय का रुख करना पड़ रहा है। जिसके कारण वह अपने प्रियजनों की कुशलक्षेम भी नहीं ले पा रहे हैं। अब बीएसएनएल ने टावर लगाने के लिए एक कदम आगे बढ़ा दिया है। क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है। उनकी आशा की किरण भी जगी है। इधर, जेटीओ गौरव तड़ागी ने कहा कि संचार सेवाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाया जाएगा।
