तीरथ सरकार के सौ दिन छलावा : आप
हल्द्वानी
आम आदमी पार्टी ने तीरथ सरकार के 100 दिनों को छलावा करार दिया है। प्रेस को जारी बयान में पार्टी का कहना है कि राज्य सरकार हर मोर्चे पर फेल हुई है। गुरुवार को पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता समित टिक्कू ने जारी बयान में कहा कि 10 मार्च को उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के बीच में त्रिवेंद्र सिंह रावत को हटाकर भाजपा ने जब तीरथ सिंह रावत को नया मुख्यमंत्री घोषित किया तो हर कोई हैरान था कि आखिर स्थायी सरकार का वादा करने के बाद भाजपा ने नेतृत्व परिवर्तन क्यों किया। लेकिन बीजेपी ने नेतृत्व परिवर्तन को राज्य हित में बताया, लेकिन आज तीरथ सरकार के कार्यकाल में विकास के मुद्दों पर राज्य और भी पीछे चला गया। चाहे कोरोना के खिलाफ लड़ाई हो, अस्पतालों को बेहतर बनाने की बात हो, रोजगार का मुद्दा हो, महंगाई हो, बिजली-पानी हो, विकास के काम हों, हर मोर्चे पर तीरथ सरकार अपने इस कार्यकाल में बुरी तरह फेल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से उत्तराखंड के लोगों का समर्थन आप को मिल रहा है, उससे साफ है कि राज्य की जनता भाजपा-कांग्रेस दोनों से त्रस्त है। राज्य सरकार की नाकामी को लेकर 70 विधानसभाओं में विरोध प्रदर्शन कर 100 दिनों की नाकामी को पूरे प्रदेश में जनता तक पहुंचाएंगे।
