मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के तहत निकाली अमृत कलश यात्रा
श्रीनगर गढ़वाल
(कीर्तिनगर मे गुरुवार को मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के तहत अमृत कलश यात्रा निकाली गई। इस मौके पर कीर्तिनगर तहसील परिसर में वीर सैनिकों के स्मारक से राष्ट्रीय सम्मान के साथ कलश यात्रा टिहरी के लिए प्रस्थान हुई। कीर्तिनगर नगर पंचायत द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मेरी माटी, मेरा देश अभियान के तहत देवप्रयाग विधानसभा के विधायक विनोद कंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष कैलाशी जाखी और एसडीएम सोनिया पंत ने संयुक्त रूप से 17 वीर शहीदों के स्मारक से अमृत कलश यात्रा का शुभारंभ किया। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव भारत की जनता को समर्पित है। कहा कि भारतीय सैन्य इतिहास वीर जवानों की पराक्रम गाथाओं से भरा पड़ा है। सैनिकों की सुरक्षा की बदौलत से हम देश के निवासी चैन की नींद से सो रहे हैं तथा शान्ति का जीवन यापन कर रहे हैं, उन शहीदों को शत-शत नमन करना हमारा दायित्व है और शहीदों के परिजनों के साथ हर सुख-दुख में सदैव खड़ा रहना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। इस मौके पर कैप्टन हिम्मत सिंह नेगी, राजेंद सिंह कैंतुरा, राजेंद्र प्रसाद भट्ट, कुंवर सिंह नेगी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विजयराम गोदियाल, रणजीत सिंह जाखी, अधिशासी अधिकारी राजेन्द्र सजवाण, नरेंद्र कुंवर, सभासद विकास दुमागा, जगतम्बा कुमाई, मुकेश लखेड़ा, सुभाष फोंदणी, सुरेश चंद और पंकज आदि मौजूद रहे।
