पेराई सत्र के लिए 20 नवंबर तक तैयार हो जाएगी चीनी मिल
डोईवाला। डोईवाला चीनी मिल के अधिशासी निदेशक दिनेश प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि 20 नवंबर तक चीनी मिल पेराई सत्र के लिए तैयार हो जाएगी। उन्होंने मिल कर्मचारियों को पूरी कर्तव्य निष्ठा से कार्य करने को कहा।
रविवार को डोईवाला चीनी मिल के ईडी दिनेश प्रताप सिंह चौहान ने मिल कर्मियों के साथ बैठक की। उन्होंने मिल कर्मचारियों से उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने कहा कि वह पूरे मनोयोग से मिल को आगामी पेराई सत्र के लिए तैयार करें। पेराई सत्र के दौरान किसी भी प्रकार का व्यवधान न हो। सभी कर्मचारी अपने दायित्व और कार्यों को सही तरीके से करें और मिल को घाटे से उबारने में सहयोग करें। इस दौरान सभी कर्मचारियों ने मिल में पूरी कर्तव्य परायणता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान मिल परिसर में अधिशासी निदेशक के साथ कर्मचारियों ने स्वच्छता अभियान चलाया।
