कार की टक्कर से 60 साल के बुजुर्ग की हुई मौत
रुड़की। लक्सर-रुड़की हाईवे पर कार ने बुजुर्ग को टक्कर मार दी। इसके बाद कार उन्हें बीस मीटर आगे तक घसीटकर ले गई। इस हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। उनके बेटे की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। मोहम्म्दपुर बुजुर्ग गांव निवासी विनोद कुमार (60) शुक्रवार सुबह अपने एक परिचित से मिलने के लिए पैदल पास के ढाढेकी गांव में गए थे। शाम सात बजे के आसपास वह कुंआखेड़ा गांव से होकर घर वापस आ रहे थे। कुंआखेड़ा बंधे के सामने से उन्हें लक्सर-रुड़की हाईवे पार कर दूसरी तरफ गांव के रास्ते पर जाना था। हाईवे पार करते समय तेज रफ्तार एसयूवी कार ने बुजुर्ग को पीछे से टक्कर मार दी। इससे वह कार किसी हिस्से से फंस गए। चालक ने कार तब भी नहीं रोकी और उन्हें घसीटकर करीब 20 मीटर आगे तक ले गया। इसके बाद वह कार को लेकर मौके से फरार हो गया।
