गांव में संदिग्धों पर भी नजर रखे ग्राम प्रहरी
पौड़ी। एसएसपी पौड़ी ने थाना पैठाणी का निरीक्षण करते हुए फरियादी और शिकायतकर्ता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करने को कहा। इसके साथ ही क्षेत्र के गांवों में समय -समय पर ग्राम प्रहरियों के साथ चौपाल लगाने और स्कूल व कॉलेजों में जाकर महिला और बच्चों संबंधी अपराधों के साथ ही साइबर अपराधों, गौरा शक्ति एप, नशा मुक्त भारत अभियान को जागरूक करने के भी निर्देश दिए। एसएसपी श्वेता चौबे ने यहां ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक की और कहा कि आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों से लेकर नशा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के के बारे में ग्राम प्रहरियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। कहा कि किसी भी तरह की घटना को लेकर पुलिस को तत्काल सूचित किया जाए। इस मौके पर ग्राम प्रहरियों को वर्दी व जैकेट भी वितरित करते हुए उनकी समस्या सुनी। थाने के लिए बने प्रशासनिक और आवासीय भवनों पहाड़ी टूटने के कारण खतरा बना है, इसके लिए सुरक्षा दीवार व भवन के पुस्ते के शीघ्र निर्माण के लिए थाना प्रभारी वीरेंद्र रमोला, व सिंचाई विभाग के जेई को निर्देश दिए गए।
