जिला पंचायत की जमीन पर बनी 10 दुकानें की ध्वस्त
रुद्रपुर। नानकमत्ता में शनिवार को जिला पंचायत की टीम ने प्रशासन और पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान जेसीबी मशीनों से 10 दुकानों को ध्वस्त किया गया। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी तेज सिंह के नेतृत्व में शनिवार सुबह टीम दो जेसीबी मशीनों के साथ नानकमत्ता पहुंची। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक टीम भी मौजूद थी। टीम ने चौराहे के समीप पांच दुकानें और दहला रोड में पांच दुकानें ध्वस्त कीं। पहले दुकानों के आगे टीन शेड तोड़े और बाद में 10 दुकानों को ध्वस्त कर दिया। अपर मुख्य अधिकारी ने बताया कि विभाग की 0.126 हेक्टेयर भूमि है। इस पर कई दुकानें निर्मित हैं। अन्य दुकानों की लीज स्वीकृत है। उन्होंने बताया कि पूर्व में चिह्नीकरण की कार्यवाही की गई थी। शनिवार को ध्वस्तीकरण किया गया है। ध्वस्त की गई दुकानों की जगह चहारदीवारी कराई जाएगी। इस दौरान हरिमोहन, मुकेश राणा, कुलदीप सिंह, कमल सिंह, मोहन बिष्ट, अनुभव तिवारी, मंगत राम, रोहित बंसल, सुमित खेड़ा, लाल सिंह शामिल रहे। एसओ देवेंद्र गौरव पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
