निजी व सरकारी अस्पतालों में गोल्डन कार्ड की सुविधा दी जाए
रुद्रपुर। गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन उत्तराखंड की बैठक में निजी व सरकारी अस्पतालों में गोल्डन कार्ड की सुविधा दिए जाने की मांग की गई।
शनिवार को नगर निगम सभागार में आयोजित बैठक में कई प्रस्ताव लाए गए। इसमें कहा गया कि राजकीय पेंशनर्स और परिवारिक पेंशन से गोल्डन कार्ड की मासिक कटौती कार्यरत कर्मचारियों की तुलना में 50 प्रतिशत की जाए। जनपद के निजी और सरकारी अस्पतालों में गोल्डन कार्ड की सुविधा दी जाए। गोल्डन कार्डधारकों को राजकीय और निजी चिकित्सालय में कैशलेस ओपीडी सुविधा दी जाए। कम से कम यह व्यवस्था राजकीय चिकित्सालय में शीघ्र लागू की जाए। जिन सदस्यों ने गोल्डन कार्ड अस्वीकार किया है, उनके प्रतिपूर्ति बिलों का भुगतान पूर्व की भांति किया जाए। बैठक में शाखा जसपुर, काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर, रुद्रपुर, किच्छा, सितारगंज, खटीमा, हल्द्वानी, नैनीताल के पदाधिकारियों व सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में प्रांतीय संस्थापक अध्यक्ष त्रिपुरारी शरण की जयंती पर उन्हें याद किया गया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष बीएस रावत, जेएस जैन, बीएस रावत, बालीराम चौहान, राजबहादुर शर्मा, केवीएस यादव, वीके शर्मा, केएस रावत आदि उपस्थित रहे।
