डीएम ने सुनी जन समस्याएं
रुद्रप्रयाग। जन समस्याओं के निराकरण के लिए जिलाधिकारी डॉ सौरभ गहरवार ने जन संवाद एवं जनता मिलन में जनता की समस्याएं सुनी। इस दौरान ग्रामीणों ने 21 समस्याएं दर्ज कराई गई जिसमें सड़क, बिजली, शिक्षा, आवास, मुआवजा आदि से संबंधित शिकायतें शामिल थी। 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, शेष शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अफसरों को निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आम जनता की जो भी समस्याएं एवं शिकायतें मिल रही है उनका अधिकारी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि जिन आवेदन पत्रों पर स्थलीय निरीक्षण किया जाना है उन पर तत्काल निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्यवाही की जाए। सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों को लेकर भी अफसरों को उनके स्तर की शिकायतें शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए। इस मौके पर सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
