सडक़ निर्माण व मुआवजे की मांग पर प्रदर्शन कर दिया धरना
पिथौरागढ़
जौरासी क्षेत्र के अजेड़ा गांव के लोगों ने सडक़ निर्माण व मुआवजे की मांग पर प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। ग्रामीणों ने कहा 2017से अब तक महज 1किमी सडक़ का निर्माण नहीं हो सका। बगैर एनओसी के आधी-अधूरी सडक़ काट दी गई और उन्हें मुआवजा नहीं दिया गया। रविवार को अजेड़ा के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान लीला देवी के नेतृत्व में निर्माणाधीन सडक़ पर धरना देते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा वर्ष 2016-17में 16लाख से जौरासी मुख्य सडक़ से अजेड़ा स्वास्थ्य केंद्र तक एक किमी सडक़ का निर्माण शुरू किया गया था। बावजूद इसके पांच साल बाद भी सडक़ निर्माण पूरा नहीं हो सका है। महज 900मीटर सडक़ काटकर छोड़ दी गई, जिस पर वाहनों का संचालन भी खतरे से खाली नहीं है। कहा सडक़ निर्माण के लिए बगैर मुआवजे के उनकी नाप जमीन को काट दिया गया। इसके लिए उनसे एनओसी भी नहीं ली गई। कहा सडक़ न होने से बीमारों को अस्पताल पहुंचाना भी मुश्किल हो रहा है। कई बार प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बाद भी सडक़ निर्माण नहीं किया जा रहा। चेतावनी देते हुए कहा शीघ्र मुआवजा देकर सडक़ निर्माण शुरू नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। यहां जगदीश अधिकारी, गोविंद सिंह खोलिया, राजेंद्र प्रसाद, विरेंद्र प्रसाद, पंकज अधिकारी, नीरज अधिकारी, नवीन अधिकारी, प्रकाश खोलिया, पप्पू अधिकारी, सुरेंद्र खोलिया आदि रहे।
