सरकारी भूमि से खनन की शिकायत

रुडकी। जौरासी जबरदस्तपुर के लोगों का कहना है कि सरकारी भूमि से रात में बड़े पैमाने पर रेत और मिट्टी का खनन किया जा रहा है। ग्राम प्रधान ने मामले की शिकायत ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से की है। जबरदस्तपुर जौरासी के लोगों का कहना है कि सुंदारी और मुस्तहकम के जंगल में सरकारी भूमि पर काफी समय से बड़े पैमाने पर रेत और मिट्टी का खनन किया जा रहा है। बताया कि यहां कुछ दिनों से दिन की बजाए रात में खनन किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस बारे में कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से लिखित रूप में शिकायत की जा चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत पर एक सप्ताह पहले हल्का लेखपाल ने खनन वाले स्थानों का निरीक्षण भी किया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्राम प्रधान संगीता ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को शिकायती पत्र देकर अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव शाह का कहना है कि अवैध खनन का मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। अगर प्रधान की ओर से शिकायत की गई है तो मामले की जांच कराकर खनन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *