गुस्साए भारूवाला के लोगों ने की बिजलीघर पर तालाबंदी
रुड़की। भारूवाला के ग्रामीण पूरी रात बिजलीघर पर वहीं डटे रहे और धरना जारी रखा। नाराज लोगों ने निगम कर्मचारियों को बाहर कर सारे कार्यालय बंद करा दिए। खानपुर के भारूवाला गांव को अभी खानपुर फीडर से बिजली मिलती है। इस फीडर पर क्षमता से अधिक लोड होने से आपूर्ति बाधित रहती है। इस पर ऊर्जा निगम ने भारूवाला के लोगों की सहमति से उनकी आपूर्ति गोवर्धनपुर फीडर से जोड़ने का निर्णय लिया था। उन्होंने कई बार फीडर बदलने की कोशिश की लेकिन गोवर्धनपुर के लोगों के विरोध की वजह से आपूर्ति बदली नहीं जा सकी। फिर निगम ने इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया था। फीडर नहीं बदलने से नाराज भारूवाला के काफी लोग बुधवार को लक्सर बिजलीघर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। अंधेरा होने तक भी सुनवाई नहीं होने के कारण ग्रामीण पूरी रात धरनाथल पर ही मौजूद रहे। गुरुवार दोपहर 12 बजे तक कोई अधिकारी उनसे बात करने नहीं आया। इससे आक्रोशित लोगों ने उर्जा निगम कर्मचारियों को दफ्तरों से बाहर निकालकर तालाबंदी कर दी।
