कमेड़ा में पांद दिन बाद बदरीनाथ हाईवे सुचारु

चमोली। शुक्रवार को कमेड़ा में बदरीनाथ हाईवे पर यातायात सुचारु हो गया है। यहां पिछले पांच दिनों से पहाड़ी से हुए भूस्खलन के कारण सड़क क्षतिग्रस्त थी। करीब 100 मीटर सड़क के पूरी तरह वॉश आउट होने पर एनएचआईडीसीएल ने यहां पहाड़ी काटकर नई सड़क का निर्माण किया है। रविवार रात्रि को हुई अतिवृष्टि के चलते चमोली और रूद्रप्रयाग की सीमा कमेड़ा में बदरीनाथ हाईवे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। ऐसे में मैदानी क्षेत्रों से चमोली और कुमाऊं को आने जाने वाले लोगों के साथ ही बदरीनाथ सहित अन्य तीर्थ और पर्यटन स्थलों को आने जाने वाले श्रद्धालुओं और सैलानियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि प्रशासन ने विकल्प के तौर पर रुद्रप्रयाग-ऊखीमठ-चोपता-गोपेश्वर और रुद्रप्रयाग-मोहनखाल-पोखरी-कर्णप्रयाग मार्ग से यातायात को आवागमन के लिए डायवर्ट किया। लेकिन सड़क तंग और कई किमी के फेरे से जहां किराया भाड़ा अधिक पड़ रहा था। वहीं अधिक समय लगने के चलते लोग परेशान थे। लेकिन शुक्रवार को एनएचआईडीसीएल द्वारा पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे बदरीनाथ हाईवे को सुचारु कर दिया गया। जिसके बाद लोगों ने यहां राहत की सांस ली। यही नहीं पिछले पांच दिनों से सड़क के दोनों ओर खड़े मालवाहक वाहन चालकों और स्वामियों ने भी राहत की सांस ली। एनएचआईडीसीएल के पीएम अभिषेक राणा ने बताया कि शुक्रवार को कमेड़ा में वाहनों के लिए यातायात सुचारु कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *