यूकेडी पदाधिकारियों ने की नव नियुक्त डीएम से मुलाकात
रुद्रप्रयाग। मंगलवार को उत्तराखंड क्रांति दल के प्रतिनिधिमंडल ने जिले के नवनियुक्त जिलाधिकारी सौरभ गहरवार से मुलाकात की साथ ही उन्हें जिले की समस्याओं से अवगत कराया। यूकेडी पदाधिकारियों ने मुख्य रूप से रेलवे निर्माण कार्यो के कारण जनपद मुख्यालय के नजदीक औण गांव का विस्थापन अमसारी वार्ड में हो रहे भू-धंसाव को रोकने के उपाय, खांकरा नरकोटा आदि रेलवे प्रभावित गांवो में विस्फोटो से हुए नुकसान के मुआवजे की मांग की। उन्होंने कहा कि एनएच एवं ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों के सुधारीकरण करने, जनपद मे लंपी रोग से प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र डॉक्टरों की टीम भेजने, पलायन से प्रभावित बच्छणस्यू क्षेत्र मे पलायन रोकने को ठोस कार्ययोजना बनाने, रुद्रप्रयाग से सोनप्रयाग तक के व्यापारियों को केदारनाथ यात्रा का लाभ दिलाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने को लेकर कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर उक्रांद जिलाध्यक्ष बुद्धिबल्ल ममगाईं, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष भगत चौहान, संगठन मंत्री लोकेश भट्ट, बलबीर चौधरी, एलपी डिमरी आदि मौजूद थे।
