संस्कृत विवि देवप्रयाग में प्रवेश प्रक्रिया शुरू
नई टिहरी। केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर में शास्त्री(बीए) प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया शुरु हो गई है। केंद्रीय विवि की कक्षाओं में प्रवेश के लिए होने वाले टेस्ट (सीयूईटी) का परिणाम आने के बाद यहां प्रवेश हुए हैं। परिसर निदेशक प्रो. पीवीबी सुब्रह्मण्यम ने बताया कि इस बार परिसर में छात्र संख्या बढ़ने को देखते सुविधाएं भी बढ़ाई जा रही हैं। परिसर में शास्त्री(बीए)और आचार्य (एमए) में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय स्तर पर टेस्ट होता है। पिछले वर्ष उत्तराखंड के अनेक बच्चों ने प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर यहां प्रवेश लिया है। जिन छात्रों ने सीयूईटी परीक्षा नहीं दी, उन्हें परिसर स्तर पर मेरिट स्तर की एक परीक्षा के माध्यम से प्रवेश दिया जा रहा है। प्रो.सुब्रह्मण्यम ने बताया कि इस वर्ष परिसर में योग और पौरोहित्य जैसे रोजगारपरक पाठ्यक्रम भी शुरू किए जा रहे हैं। यहां लगभग 6 सौ विद्यार्थियों की आवासीय, भोजन व्यवस्था बहुत सामान्य शुल्क पर उपलब्ध है। शास्त्री में प्रवेश के लिए 12वीं तक संस्कृत विषय अनिवार्य नहीं है। परिसर से वेद, व्याकरण, ज्योतिष, साहित्य तथा दर्शन विषयों में स्नातकोत्तर, पीएचडी तथा स्नातक स्तर पर शरीरिक शिक्षा, हिन्दी, अंग्रेजी, कंप्यूटर, इतिहास पढ़ाए जाते थे, लेकिन प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना से संबद्ध होने के कारण अब यहां ऐसे पाठ्क्रम चलाए जा रहे हैं जिनसे छात्रों को तुरंत रोजगार उपलब्ध हो सकेगा। परिसर में हिमाचल, उत्तर प्रदेश, असम, बंगाल आदि राज्यों के छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। फॉर्म भरने की जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध है।
