व्यापारियों ने एक जून से दी बाजार खोलने की चेतावनी
रुडकी
कोरोना कर्फ्यू में बाजार बंद रहने से व्यापारियों में सरकार के प्रति नाराजगी है। रविवार शाम व्यापार मंडल ने लक्सर विधायक के जरिए सरकार को ज्ञापन भेजकर आर्थिक पैकेज की मांग की। पैकेज न मिलने पर उन्होंने एक जून से कोरोना कर्फ्यू का उल्लंघन कर बाजार खोलने की चेतावनी भी दी है। कोरोना कर्फ्यू के चलते बाजार करीब डेढ़ माह से बंद हैं। इस दौरान केवल किराना, फल, सब्जी व मेडिकल की दुकानें खुल रही हैं। इसे लेकर व्यापारी सरकार से नाराज हैं। रविवार शाम को लक्सर व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय विधायक संजय गुप्ता से मिलकर अपनी समस्या बताई। कहा कि पिछले साल भी करीब तीन से चार महीने सारे व्यापार ठप रहे थे। इस बार भी ऐसा ही हो रहा है। बैंकों के बाहर, सस्ते गल्ले की दुकानों पर भीड़ लग रही है। सब्जी की मंडियों में भी भारी आपाधापी मची रहते है। लेकिन बाजार की दुकानों पर दिन भर में महज दस, बीस ग्राहक आते हैं। उन्हें सरकार बंद करा रही है। आरोप लगाया कि सरकार व्यापारियों के प्रति दोहरी नीति अपना रही है। उन्होंने विधायक के जरिए मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मांग की कि सरकार व्यापारियों को बैंक कर्ज के बयाज पर, जीएसटी व बिजली के बिलों में छह महीने की छूट करे। साथ ही उनके लिए आर्थिक पैकेज की घोषणा करे। ऐसा न होने पर उन्होंने एक जून से कोरोना कफर्यू का उल्लंघन कर दुकानें खोलने का चेतावनी दी। मुलाकात करने वालों में मंत्री राजेंद्र वर्मा, युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष जसवीर सिंह थे। विधायक ने ज्ञापन सीएम को भेजने का भरोसा दिया है।
