पुनाड़ गदेरे पर जानलेवा बना पुल
रुद्रप्रयाग। धनपुर पट्टी के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला तूना-बौंठा मोटरमार्ग पर काला पहाड़ में बना मोटर पुल अब जानलेवा बना है। पुल के दोनों तरफ काफी बड़े हिस्से में लोहे की सुरक्षा रेलिंग नहीं होने से खतरा बना है। दस किमी लंबे मोटर मार्ग के शुरुआत में ही दो किमी मार्ग बुरी तरह से खराब है। मार्ग पर काला पहाड़ तोक में पुनाड़ गदेरे पर बनी पुलिया भी जर्जर हो रही है। पुल से एक छोर की लोहे की सुरक्षा रेलिंग निकल चुकी है। जिस स्थान पर रेलिंग क्षतिग्रस्त है वहां पर मार्ग घुमावदार है और सीधे नीचे पुनाड़ गदेरा बह रहा है। ऐसे में यहां पर बारिश के चलते काफी कीचड़ हो रखा है। जबकि इस पुल से रोजना सैकड़ों स्कूली बच्चे व स्थानीय लोग इस से गुजरते हैं। लेकिन सुरक्षा रेलिंग नहीं होने से जानमाल का खतरा बना है। सड़क पर नालियां भी न होने से सड़क का पुरा पानी इसी पुल पर एकत्रित हो रहा है। इधर, लोनिवि के अधिशासी अभियंता जीत सिंह रावत सड़क की मरम्मत के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। धनराशि मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
