पीएमजीएसवाई के अफसरों पर भड़के डीएम

पौड़ी। डीएम ने भारी बारीश से क्षतिग्रस्त हुए सतपुली-दुधारखाल मोटर मार्ग व ढोर-नगधार-बयाली मोटर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में बाधित हुई पीएमजीएसवाई की खड़खोली मोटर मार्ग को खोलने में पीएमजीएसवाई के अफसरो द्वारा दिखाई जा रही सुस्ती पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि आपदा के दौरान लापरवाही बरतने वाले अफसरो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को डीएम डा. आशीष चौहान ने लोनिवि के अफसरो के साथ दुधारखाल मोटर मार्ग का निरीक्षण किया। ढोर-नगधार-बयाली मोटर मार्ग का निरीक्षण करते हुए उन्होंने जल्द ही मोटरमार्ग को ठीक करने के निर्देश दिए। ढोर-नगधार-बयाली मोटर के क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र के दूरस्थ गांव देवस्थल के लिए डीएम ने तहसील स्तर पर आपदा की एक टीम का गठन कर क्षेत्र में रवाना करने के लिए एसडीएम को निर्देश दिए। डीएम ने अफसरो को निर्देश दिए कि जिस गति से सड़कें बाधित हो रही है उसकी दुगनी गति से सड़कों को खोला जाए। इस दौरान डीएम ने पाताल-मांडाखाल मोटर मार्ग का निरीक्षण करते हुए एनएच के अफसरो को जमकर फटकार लगाई। इस मौके पर एसडीएम सतपुली संदीप कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग पीएस बिष्ट, डीएस कुटियाल, तहसीलदार सुधा डोभाल आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *