कांवड़ यात्रा में खोए पुत्र को देख परिजनों के आंसू छलके
रुडकी। कांवड़ यात्रा में छोटा शिवभक्त अपने परिजनों से बिछड़ गया। पुलिस ने छोटे शिवभक्त के परिजनों को ढूंढ निकाला और सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। कांवड़ यात्रा में एक-दूसरे के बिछड़ने का सिलसिला जारी है। पुलिस को शनिवार रात सूचना मिली थी करीब दस वर्षीय शिवभक्त मलकपुर चुंगी के पास एक अस्पताल के बाहर बैठा है, जो अपने परिजनों से बिछड़ गया है। प्रशिक्षु आईपीएस निहारिका तोमर ने वरिष्ठ उप निरीक्षक अभिनव शर्मा और कांस्टेबल टीकम सिंह चौहान को छोटे शिवभक्त के परिजनों को ढूंढने की जिम्मेदारी सौंपी। व्हाट्सएप ग्रुप व अन्य संसाधनों से पुलिस ने परिजनों की तलाश शुरू कर दी। रविवार को सुंदर नगरी थाना नंद नगरी नई दिल्ली निवासी परिजनों से छोटे शिवभक्त को मिला दिया। पुत्र को देखकर परिवार के आंसू छलक उठे और उन्होंने पुलिस को धन्यवाद किया।
