कोविड अस्पतालों में दिए गये वेंटीलेटर में कई खामियां : नवप्रभात
विकासनगर
पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने कहा कि कोरोना महामारी के इस दौर में आम आदमी के लिए जान बचाना मुश्किल बना हुआ है, लेकिन लोगों की जान बचाने के लिए प्रदेश सरकार गंभीर नहीं है। प्रदेश सरकार की ओर से कोविड अस्पतालों में जो वेंटीलेटर दिए गये हैं। उनमे कई खामियां हैं। जिससे अस्पतालों में वेंटीलेटर फिट न होने के कारण शोपीस बनकर रह गये हैं। नवप्रभात ने कहा कि हाल के कुछ दिन पहले कैबिनेट मंत्री विकासनगर कोविड सेँटर बनाने के लिए जगहों का निरीक्षण करने आये। तब पछुवादून क्षेत्र में कोविड सेंटर बनाने की घोषणा की, लेकिन अब तक धरातल पर कुछ नजर नहीं आया। कहा कि कैबिनेट मंत्री ने कोविड अस्पताल को छह वेंटीलेटर उपलब्ध कराने की बात कही, लेकिन वे ऐसे वेंटीलेटर दिए गये जिनमें आधा अधूरा सामान है। कई उपकरण मशीनों में नहीं हैं। पुरानी मशीनें भेजी गयी हैं। मशीनों पर लगने वाले उपकरण न होने पर मशीनें शोपीस बनकर रह गयी है। कहा कि कोविड अस्पतालों में सरकार की ओर से भेजी गयी एक भी मशीन काम नहीं कर रही है। कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश सरकार को हर संभव सहयोग देने की बात कही। लेकिन प्रदेश सरकार बीमारी पर नियंत्रण करने के बजाय सियासत करने पर उतारु है। पछुवादून में वेंटीलेटर तो दूर लोगों को ऑक्सीजन बेड तक नहीं मिल रहे हैं। जिससे लोगों की जान जा रही है।
