फिरोजाबाद-शिकोहाबाद के बाद प्रयागराज में फर्जी वोट डालने आईं 3 महिलाओं को पुलिस ने दबोचा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में प्रदेश के 37 जिलों में सुबह सात बजे से मतदान जारी है। मतदान शुरु होने से पहले ही प्रयागराज, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद, सीतापुर, रामपुर, बलरामपुर में मतदान केन्द्रों के बाहर लंबी लाइन लग गई। ऐसे में फिरोजाबाद और शिकोहाबाद में जहां पुलिस फर्जी वोटर पकड़े वहीं प्रयागराज में भी तीन को फेक आधारा कार्ड के साथ दबोचा। फिलहाल सभी से पुलिस पूछताछ कर रही है।
निकाय चुनाव में कुछ लोगों ने वोट डालने के लिए फर्जी आधार कार्ड भी बनवा लिया था। गुरुवार सुबह वोटिंग के दौरान फर्जी आधार कार्ड के साथ तीन महिलाओं को पुलिस ने पकड़ लिया। उनसे पूछताछ चल रही है।
शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिए पुलिस टीम लगातार सतर्क दृष्टि रखे हुए हैं। गुरुवार सुबह डीसीपी नगर दीपक भूकर और सीडीओ करेली थाना क्षेत्र स्थित लेखपाल ट्रेनिंग सेंटर मतदान केंद्र में पहुंचकर निगरानी शुरू की।
इसी बीच पता चला कि एक महिला फर्जी आधार कार्ड के जरिए वोट देकर बाहर निकल रही है, तब उसे पकड़ लिया गया और फिर लाइन में खड़ी दो और भी महिलाओं को पकड़ा गया, जिनका आधार कार्ड नंबर एक ही है। शुरुआती पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि उसे एक महिला ने फर्जी कार्ड आधार कार्ड दिया था।
फिरोजाबाद नगर निगम क्षेत्र की श्रीराम कालोनी स्थित हेम कान्वेंट गर्ल्स स्कूल में 8 महिला पुरुष फर्जी आधार कार्ड से वोट डालने पहुंचे। जानकारी होने पर सभी को पुलिस ने पकड़ा लिया। इस दौरान उनके पास से मिले आधार कार्ड को भी पुलिस ने जब्त कर लिया। वहीं शिकोहाबाद में भी दो फर्जी वोटर पकड़े गए हैं। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है।
