उत्तराखंड में राज्य पात्रता परीक्षा को हरी झंडी

देहरादून। उच्च शिक्षा विभाग ने राज्य पात्रता परीक्षा को हरी झंडी दे दी है। इस तरह सरकारी डिग्री कॉलेज और विश्वविद्यालय में सहायक अध्यापक बनने के इच्छुक युवाओं के सामने नेट के अलावा सेट परीक्षा का भी विकल्प उपलब्ध होगा। उच्च शिक्षा विभाग के अपर सचिव प्रशांत आर्य की ओर से बुधवार को इसके आदेश जारी करते हुए, कुमांऊ विश्वविद्यालय को परीक्षा आयोजित कराने के लिए अधिकृत किया गया है। राज्य में पिछली बार राज्य पात्रता परीक्षा 2017 में आयोजित की गई थी। इस कारण युवा सरकार पर उक्त परीक्षा कराने के लिए लगातार दबाव बनाए हुए थे। युवाओं का तर्क था कि अभी डिग्री कॉलेजों में भर्ती के लिए मात्र नेट की अर्हता देखी जाती है, जो कि राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होती है। इसके समकक्ष राज्य के युवाओं हित सुरक्षित रखने के लिए राज्य स्तरीय परीक्षा भी आयोजित की जाए। कई राज्य इस परीक्षा को वरीयता देते हैं। इधर, भाजपा नेता रविंद्र जुगरान भी लंबे समय से राज्य पात्रता परीक्षा के लिए शासन के साथ पत्राचार कर रहे थे। राज्य पात्रता परीक्षा को हरी झंडी मिलने पर उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए, मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया है। जुगरान के मुताबिक इससे राज्य के युवाओं के हित सुरक्षित हो सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *