रामपुर से सीतापुर तक चलाया गया स्वच्छता अभियान

 

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम के दर्शनों पर आने वाले तीर्थयात्रियों को स्वच्छ वातावरण मिले इसके लिए जिलाधिकारी के निर्देशों पर केदारनाथ यात्रा मार्ग में स्वच्छता रैली निकाली गई। जिसमें स्थानीय लोगों के साथ ही व्यापारी, होटल व्यवसायी एवं समाजिक कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं नोडल अधिकारी स्वच्छता अखिलेश मिश्रा ने बताया कि केदारनाथ यात्रा को स्वच्छ और सुगम बनाने की मुहिम को लेकर गुरुवार को रामपुर से सीतापुर पार्किंग तक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस मौके पर रामपुर पंचवटी होटल से सीतापुर पार्किंग तक जागरूकता रैली के माध्यम से संदेश दिया गया कि यात्रा मार्ग पर कूडा कचरा न गिराएं। यहां गिरे पड़े कूड़े कचरे को एकत्रित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस अभियान में जिला पंचायत के कार्मिक नेहरू युवा केन्द्र के स्वयं सेवक, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं विद्यालय के छात्रों तथा महिला संगठनों के लोगों ने भाग लिया। साथ ही सफाई अभियान भी चलाया जिसमें मार्ग से करीब 25 बोरा कूड़ा एकत्रित किया गया। रैली में शामिल लोगों ने सार्वजनिक शौचालयों के साफ-सफाई की व्यवस्था भी देखी साथ ही बच्चों ने यात्रियों से यात्रा में पॉलीथिन का प्रयोग न करने तथा कूड़ा कूड़ेदानों में ही डालने की अपील भी की गई। सीतापुर पार्किंग में कार्यक्रम के समापन पर सभी ने स्वच्छता की शपथ ली। वहीं दूसरी ओर गौरीकुंड से केदारनाथ धाम तक 350 सफाई कर्मी साफ सफाई की व्यवस्था में जुटे हैं। वे विपरीत मौसम में भी लगातार कार्य पर जुटे हैं। इस मोके पर ग्राम प्रधान प्रमोद सिंह, प्रकाश रावत, विद्यालय के प्रधानाचार्य जगजीत सिंह रमोला, नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी राहुल डबराल, जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे अभिलाषा पंवार, आनंद बंसल, अभियंता जिला पंचायत सुनील कुमार गुप्ता, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक राजेंद्र कुमार, विजय वशिष्ठ, मयंक रावत आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *