आबकारी विभाग ने 90 हजार की विदेशी शराब पकड़ी
इंदौर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग ने 90 हजार रुपये की विदेशी शराब पकड़ी है। टीम ने सांवेर तहसील में कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार भी किया है। कार्रवाई कलेक्टर इलैया राजा टी. के आदेश पर की गई। कंट्रोलर राजीव मुद्गल ने बताया कि सहायक आयुक्त मनीष खरे को विदेशी शराब के बारे में सूचना मिली। इस पर उन्होंने निर्देश जारी किए और उड़नदस्ता प्रभारी अनिल माथुर, शालिनी सिंह, राजकुमार निगम और अन्य की टीम स्थापित करवाई। टीम ने सांवेर तहसील के ग्राम पंचोला में कार्रवाई करते हुए एक घर की तलाशी ली। इस दौरान वहां रखी करीब 100 लीटर देशी-विदेशी शराब पकड़ी। साथ ही आरोपी कमल पिता रामसिंह को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया गया।
आरोपित से इतनी बड़ी मात्रा में रखी गई शराब के दस्तावेज मांगे थे, जो वह नहीं दिखा पाया। सांवेर सर्कल में आकाश पिता गोवर्धन सिंह के घर पर भी कार्रवाई की गई। यहां से भी 40 बल्क लीटर देशी मदिरा बरामद की गई। जब्त शराब की कीमत 90 हजार रुपये से ज्यादा है। कलेक्टर ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
