देशी शराब के 589 पव्वों के साथ तीन दबोचे
हल्द्वानी। पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में 589 पव्वे देशी शराब बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मंगलपड़ाव चौकी प्रभारी जगदीप सिंह नेगी ने बताया कि बुधवार शाम टैंपो स्टैंड के पास एक ऑटो से 10 पेटी (480 पव्वे) देशी शराब बरामद हुई। आरोपी ने अपना नाम शामिल अहमद निवासी बागजाला गौलापार बताया। वह शराब को खनन मजदूरों को बेचने के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने ऑटो को सीज कर दिया। दूसरे मामले में हीरानगर चौकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने जीतपुर मार्ग से आरोपी मनोज आर्या निवासी मल्ला बन्ना से 53 पव्वे देशी शराब बरामद की। तीसरे मामले में काठगोदाम पुलिस ने दमुवाढूंगा क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी अंकित आर्या निवासी गोकुलनगर से 56 पव्वे देशी शराब के पकड़े।
