दिल्ली से हरिद्वार लाया गया छह कुंतल नकली पनीर पकड़ा

हरिद्वार। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त कार्यालय देहरादून और खाद्य सुरक्षा विभाग हरिद्वार की संयुक्त टीम ने बुधवार को छापेमारी करते हुए दिल्ली से हरिद्वार लाया गया छह कुंतल नकली पनीर पकड़ा है। प्रथम दृष्टया पनीर की गुणवत्ता सही न पाते हुए पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चारधाम यात्रा के मद्देनजर छापेमारी करते हुए नौ खाद्य पदार्थों के सैंपल भी भरे। बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त कार्यालय के डिप्टी डायरेक्टर जीसी कंडवाल और उपायुक्त गढ़वाल आरएस रावत की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर दिल्ली नंबर की कार में हरिद्वार लाए गए छह कुंतल नकली पनीर को सप्तऋषि चौकी के पास हाईवे पर पकड़ लिया। पूछताछ में कार चालक ने बताया कि वह पांडव नगर दिल्ली स्थित अपनी दुकान पर ही इस पनीर को तैयार कर लाया है। उसने रिफाइंड और पाउडर से यह पनीर तैयार किया है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों की सख्त कार्रवाई को देखते हुए आरोपी कार चालक ने स्वयं ही पनीर को नष्ट कराए जाने की बात कही। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने मौके पर ही पनीर को भूमि में दबाकर नष्ट कर दिया। इससे पहले विभाग के अधिकारियों ने नकली पनीर के तीन सैंपल भी लिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *