उक्रांद ने की प्रदेश के राजनैतिक हालातों पर चर्चा
विकासनगर। उत्तराखंड क्रांति दल की बैठक में प्रदेश के राजनैतिक हालातों पर चर्चा की गई। इस दौरान प्रदेश में शराब सस्ती करने तथा बिजली, पानी और टोल की दरें बढ़ाने पर उक्रांद ने सरकार को कठघरे में खड़े कर कई सवाल दागे। कहा कि प्रदेश सरकार को युवाओं के भविष्य की कोई चिंता नहीं है। डाकपत्थर रोड स्थित कैंप कार्यालय में गुरुवार को संपन्न हुई बैठक में उक्रांद के केंद्रीय संरक्षक सुरेंद्र कुकरेती ने कहा कि क्रिकेट कोच नरेंद्र शाह मामले में न्यायिक जांच कर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, जिससे लोग अपनी बेटियों को खेलों का प्रशिक्षण देने से कतराएं नहीं। कहा कि राज्य में हुए भर्ती घपलों की भी सीबीआई जांच कराई जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार चाहती है कि यहां का युवा शराब के नशे में अपना भविष्य बर्बाद कर दें। कहा कि राज्य गठन के बाद जनता ने जितना समर्थन राष्ट्रीय दलों को दिया उसका पचास प्रतिशत भी उक्रांद को मिले तो प्रदेश की तस्वीर बदल जाएगी। जिलाध्यक्ष गणेश प्रसाद काला ने कि सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी है। प्रदेश में खनन में भ्रष्टाचार, आबकारी में भ्रष्टाचार, रोजगार में युवाओं के साथ धोखा किया जाना ही सरकार की नीति है। नगर अध्यक्ष जयकृष्ण सेमवाल ने कहा कि अब तक की सरकारें राज्य आंदोलनकारियों के साथ न्याय नहीं कर पाई हैं। मुलायम सिंह यादव को पद्म विभूषण दिया जाना उत्तराखंड की जनभावनाओं के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की राज्य विरोधी नीतियों के खिलाफ उक्रांद सड़कों पर आंदोलन करेगा। इस दौरान भूपेंद्र सिंह नेगी पूरण प्रसाद भट्ट, मायाराम ममगाईं, जितेंद्र पंवार, बीना पंवार, सावित्री जोशी, कमला घिल्डियाल, मनोरमा डोभाल, अनिता चमोली, आशा पंवार, उर्मिला थपलियाल, शांति डंगवाल, दिका रावत, सुशीला कल्पवान, विंदर, अमजद आदि मौजूद रहे।
