पछुवादून में धूमधाम से भाजपाइयों ने मनाया पार्टी का स्थापना दिवस
विकासनगर। पछुवादून जौनसार बावर में भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस कार्यकर्ताओं ने धूमधाम से मनाया। इस दौरान भाजपाइयों ने अपने घरों में पार्टी का ध्वज फहराया। कई जगहों पर मिष्ठान वितरित भी किया गया। वरिष्ठ नेताओं ने युवा कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास की जानकारी मुहैया कराई। विकासनगर मंडल कार्यकर्ताओं ने विधायक के दिनकर विहार स्थित कार्यालय पर पार्टी का ध्वज फहराया। विधायक मुन्ना चौहान ने बूथ अध्यक्ष बलदेव राणा को सम्मानित भी किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि छह अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई थी। लोक सभा में दो सांसदों से 303 सांसदों तक का सफर तय कर पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी बनी है। उन्होंने बताया कि छह अप्रैल से बाबा साहेब आंबेडकर की जयंती तक पार्टी सामाजिक न्याय सप्ताह मनाएगी। इस दौरान बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दूसरी ओर सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर ने आरकेडिया में प्रबुद्धजनों के साथ संगोष्ठी में शामिल होकर स्थापना दिवस मनाया। ध्वजारोहण के बाद सभी लोगों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। विधायक ने संगोष्ठी में मौजूद लोगों से क्षेत्र के विकास के लिए उनके सुझाव जाने और विकास योजनाओं पर चर्चा की। वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित भी किया गया। विधायक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक दल नहीं बल्कि एक विचार है, जिसका ध्येय जनकल्याण के साथ राष्ट्र निर्माण है। उन्होंने कहा की भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने के उद्देश्य से आज ही के दिन भारतीय जनता पार्टी की स्थापना की गई थी, जिसे करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं ने अपने परिश्रम से सींच कर आज एक विशाल वट वृक्ष बना दिया है।
