चौकी प्रभारी के स्थानांतरण के खिलाफ ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
विकासनगर। लाखामंडल पुलिस चौकी इंचार्ज का स्थानांतरण किये जाने का लाखामंडल के ग्रामीणों ने कड़ा विरोध किया है। ग्रामीणों ने लाखामंडल में प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि जब से लाखामंडल में पुलिस चौकी खुली तब से अपराधों पर अंकुश लगा है। कहा कि पुलिस अच्छा कार्य कर रही है। लेकिन आपराधिक प्रवृति के लोगों के दबाव में अचानक चौकी इंचार्ज का स्थानांतरण कर दिया गया। कहा कि ऐसे में अच्छा कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों का मनोबल गिरेगा। मुख्यमंत्री को प्रेषित ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि जब से लाखामंडल में पुलिस चौकी खुली तब से खनन माफिया, नशा तस्करी व आपराधिक प्रवृति के लोगों की गतिविधियों पर अंकुश लगा है। कहा कि आपराधिक प्रवृति के लोगों के खिलाफ कार्रवाई के चलते आपराधिक मानसिकता के लोग पुलिस से परेशान हैं। कहा कि हाल में अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने पर चौकी इंचार्ज के खिलाफ कुछ लोग षडयंत्र रचने लगे थे। जिसके चलते चौकी प्रभारी की झूठी शिकायतें कर पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों को गुमराह कर उनका स्थानांतरण कराया गया है। ग्रामीणों ने कहा कि ईमानदारी से काम करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ इस तरह से स्थानांतरण किये जाने से पुलिस अधिकारी कर्मचारियों का मनोबल गिरेगा। कहा कि पुलिस की सतर्कता के चलते आम जनता को भी राहत मिली थी। लेकिन पुलिस के अधिकारियेां की इस तरह की कार्रवाई से जनता का भी मनोबल टूटेगा। प्रदर्शनकारियों में बचना शर्मा, बाबूराम शर्मा, अजब सिंह, बालमा, लीला, नारायण, ओमप्रकाश, रिंकी, दीपक, आकाश , विनोद मीरा आदि शामिल रहे।
