कोविड 19 संक्रमण के प्रसार को रोकने में अहम भूमिका निभाएंगे ग्राम प्रधान
बिजनौर
जिले के नवनिर्वाचित प्रधान कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने में जिला प्रशासन का सहयोग करेंगे। प्रधान ग्राम पंचायतों में लोगों को मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए जागरूक करेंगे।
जिले में गांवों में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि पंचायत चुनाव के बाद गांवों में कोरोना ने दस्तक दे दी है। जिले में हाल ही में 1123 ग्राम पंचायतों में 1123 प्रधान निर्वाचित हुए हैं। गांवों में कोरोना का प्रसार रोकने के लिए जिला प्रशासन ने नव निर्वाचित प्रधानों का सहयोग मांगा है। डीएम ने नवनिर्वाचित प्रधानों को पत्र लिखकर जीत की शुभकामनाएं भी दी हैं। अब प्रधान ग्राम पंचायतों में निगरानी समितियों को पूरी तरह अलर्ट करेंगे। कोरोना के लक्षण वाले मरीजों पर पूरा ध्यान रखेंगे साथ ही ग्राम पंचायतों में लोगों को मास्क लगाने के लिए जागरूक करेंगे और बताएंगे कि कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग कितनी जरूरी है।
जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि निगरानी समिति के पदेन अध्यक्ष ग्राम प्रधान होते हैं। प्रधान कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए अहम भूमिका निभाएंगे। ग्राम पंचायतों में साफ सफाई के साथ सेनिटाइजेशन, फॉगिंग, एंटीलार्वा दवाई का छिड़काव कराएंगे। ग्राम पंचायतों के सभी व्यक्तियों को साबुन से हाथ धोने, सेनेटाइजर, मास्क का प्रयोग एवं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी कराएंगे। जिला प्रशासन ने भी नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों से कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने में सहयोग की अपेक्षा की है।
