कूड़ा प्रोसेसिंग प्लांट के विरोध में सड़क पर लोग
ऋषिकेश। गुमानीवाला ग्रामसभा के नजदीक वनक्षेत्र लालपानी में प्रस्तावित कूड़ा निस्तारण एवं प्रोसेसिंग प्लांट निर्माण के सर्वे के विरोध में स्थानीय लोग सड़क पर आ गए। उन्होंने प्लांट को जाने वाली जंगलात रोड पर बल्लियां लगाकर आवाजाही रोक दी। समझाने के लिए पहुंचे प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों को भी दो टूक प्लांट अन्यंत्र शिफ्ट करने की मांग कर बैरंग लौटा दिया। शुक्रवार को प्रोसेसिंग प्लांट के निर्माण के लिए सर्वे को निजी एजेंसी के साथ नगर निगम के अधिकारी चयनित भूमि पर पहुंचने को तैयार थे। इस बीच स्थानीय लोगों के विरोध के चलते कोतवाली में रायवाला, डोईवाला और रानीपोखरी से भारी पुलिस बल बुला लिया गया। एसपी देहात कमलेश उपाध्याय भी कोतवाली पहुंचीं, जिसके बाद पुलिस की एक टीम प्रोसेसिंग प्लांट के विरोध में जंगलात रोड पर आवाजाही बंद कर डटे ग्रामीणों को समझाने पहुंची। बावजूद, उन्होंने प्लांट का निर्माण लालपानी में संबंधित स्थान से करीब पांच किलोमीटर दूर करने की मांग की। काफी समझाने के बाद भी वह नहीं माने, तो एसडीएम सौरभ असवाल, नगर आयुक्त राहुल कुमार गोयल और सीओ डीसी ढौंडियाल मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे तक कूड़ाघर संघर्ष समिति के बैनर तले विरोध कर रहे ग्रामीणों से वार्ता हुई। लंबी चली बातचीत में स्थानीय लोगों को प्लांट से किसी भी तरह का प्रदूषण और गदंगी नहीं होने का भरोसा दिया गया। बावजूद, विरोध करने वाले लोग प्लांट का स्थान बदलने की मांग की पर अड़े रहे। उन्होंने प्लांट निर्माण से भविष्य में दूषित पानी आबादी तक पहुंचने और आसपास का वातावरण प्रदूषित होने की आशंका जाहिर की, जिसके बाद अधिकारी वापस लौट गए। बता दें कि, प्लांट निर्माण के विरोध में पिछले 198 दिन से समिति के बैनर तले जंगलात रोड किनारे स्थानीय लोग धरना दे रहे हैं। मौके पर तहसीलदार अमृता शर्मा, नायब तहसीलदार विनोद तिवारी, समिति से जुड़े पुरुषोत्तम बड़ोनी, मानवेंद्र कंडारी, रंजीत थापा, जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान, पार्षद वीरेंद्र रमोला, बिजेंद्र मोघा आदि मौजूद थे।
