हजरतनगर गढ़ी में युवती से अश्लीलता, विरोध पर सिर फाड़ डाला

मुरादाबाद

एकतरफा प्यार में युवक ने युवती को जबरन मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाने का प्रयास किया। इंकार करने पर उसने युवती की जमकर पिटाई कर दी। इससे युवती का सिर फट गया। हंगामा होने पर पहुंची पीडि़ता की मां ने किसी तरह उसे बचाया। पीडि़ता ने अपनी मां के साथ थाने पहुंचकर तहरीर दी है। पुलिस ने युवती का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया है।
घटना हजरतनगर गढ़ी थानाक्षेत्र के एक गांव की है। यहां रहने वाली एक महिला ने बताया कि देर शाम वह अपनी बेटी के साथ घेर में पशुओं को पानी पिलाने गई थी। वहां ट्रॉली की आड़ में पहले से ही गांव का विजेंद्र छिपा बैठा था। विजेंद्र ने बेटी को बुरी नीयत से दबोच लिया और छेड़छाड़ करते हुए उसे मोबाइल फोन देने लगा। युवती ने इंकार करते हुए शोर मचा दिया। इस पर विजेंद्र ने युवती की जमकर पिटाई कर दी। युवती का सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गई। हंगामा होने पर युवती की मां भी मौके पर पहुंच गई। पीडि़ता अपनी मां के साथ थाने पहुंची और पुलिस को विजेंद्र के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घायल युवती का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया है। पीडि़ता की मां ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामला एकतरफा प्यार का बताया जा रहा है। पीडि़ता की मां का कहना है कि विजेंद्र न केवल शादीशुदा है बल्कि उसके चार बच्चे भी हैं। वह आर्थिक रूप से संपन्न है जबकि पीडि़ता गरीब है। विजेंद्र काफी दिनों से युवती के पीछे पड़ा था। लोकलाज के डर से युवती ने इस बारे में किसी से जिक्र नहीं किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *