बोर्ड परीक्षा के मेधावियों को सम्मानित किया
ऋषिकेश। डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि क्षेत्र के सबसे पुराने शैक्षिक संस्थान पब्लिक इंटर कालेज को साधन संपन्न बनाया जाएगा। उन्होंने विद्यालय के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने बोर्ड के मेधावियों को सम्मानित किया। गुरुवार को डोईवाला स्थित पब्लिक इंटर कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि अशासकीय विद्यालयों में संसाधनों को जुटाना मुश्किल होता है। वर्ष 1954 की यह संस्था आज तमाम अभावों के बावजूद ग्रामीण बच्चों की शिक्षा की दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने अपनी निधि से विद्यालय के लिए दस लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में तेइसवां स्थान लाने वाली अमीषा परवीन, अर्पिता, सुहानी, लीला को कमला नेहरू पुरस्कार के तहत धनराशि के चेक वितरित किए। साथ ही कोरोना काल में बेहतरीन सेवा के लिए विद्यालय के कनिष्ठ सहायक चेतन प्रसाद कोठारी, मयंक शर्मा, अशवनी गुप्ता, ओमप्रकाश काला को सम्मानित किया। गन्ना सहकारी समिति डोईवाला के अध्यक्ष मनोज नौटियाल ने कहा कि शैक्षिक संस्थाओं को समाज एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ही संचालित किया जाता है। मौके पर प्रधानाचार्य जितेन्द्र कुमार, उप प्रधानाचार्य नरेश वर्मा,भगवान सिंह सैनी, हरबंश सिंह, विक्रम सिंह नेगी, इसलामुदीन, मदन लाल वर्मा, जेपी चमोली, डीएस कंडारी, अश्विनी गुप्ता, भुवनेश वर्मा, अनीता पाल, रतनेश, विवेक बधानी, तेजवीर सिंह, सुदेश सहगल आदि उपस्थित रहे।
