बर्फबारी का आनंद लेने चकराता की ओर उमड़े पर्यटक

विकासनगर। रविवार का साप्ताहिक अवकाश होने के कारण बर्फबारी का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक चकराता की ओर उमड़ पड़े। छावनी बाजार में बर्फ पिघलने के कारण अधिकांश पर्यटकों ने चकराता-त्यूणी हाइवे से जुड़े बर्फ से ढके पहाड़ों पर पहुंच कर बर्फ का आनंद उठाया। जबकि कुछ पर्यटक लोखंडी के प्राकृतिक नजारों का आनंद लने पहुंचे। बर्फबारी के बाद से लगातार हो रही पर्यटकों की आमद के चलते व्यापारियों के चेहरे भी खिले हुए हैं। शुक्रवार को क्षेत्र में हुई बर्फबारी के बाद शनिवार और रविवार को बड़ी संख्या में पर्यटकों ने चकराता का रुख किया। सुबह से ही पर्यटकों का चकराता आना शुरू हो गया था। रविवार सुबह से चकराता में चटक धूप खिली रही, लेकिन हल्के बादल होने से कुछ देर के लिए धूप आती जाती रही। धूप खिलने से तापमान भी 14 डिग्री पहुंचा जिससे लोगों को ठंड से भी कुछ राहत मिली। वहीं पर्यटकों ने चकराता त्यूणी हाइवे पर चुन्ना भट्टा, देवबन मार्ग, माठ कांगड़ा धारना धार लोखंडी आदि जगह पहुंच कर बर्फबारी का आनंद लिया। पिछले तीन दिनों से अच्छी संख्या में आ रहे पर्यटकों से क्षेत्र के होटल व रेस्टोरेंट व्यावसायियों के चेहरे पर रौनक नजर आई। लेकिन छावनी बाजार में बर्फ पिघल जाने के कारण अधिकांश पर्यटक बाजार नहीं पहुंचे, जिससे छावनी बाजार के व्यापारियों के चेहरों पर निराशा छाई रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *