पंचायत चुनाव: अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गए मतगणना के पहले चार घंटे

मुरादाबाद

पंचायत चुनाव में रविवार सुबह शुरू हुई मतगणना अव्यवस्थाओं के चलते शुरुआती दौर में धड़ाम हो गई। मतपेटियों को खोलने और फिर हर पद के मतपत्रों को अलग करने में खासा वक्त लग गया। किसी ब्लाक में प्रत्याशी के नाम की सूची न पहुंचने से देरी हुई,तो कहीं प्रत्याशी के चुनाव चिह्न की सूची न मिलने से काम शुरू होने में देरी हुई। आलम यह रहा कि इसी आधी अधूरी तैयारियों के बीच मतगणना का काम निर्धारित समय से दो से तीन घंटे देरी से शुरू हो पाए। नतीजा दोपहर दो बजे के बाद परिणाम आने शुरू हुए। कोरोना कर्फ्यू की पाबंदियों के बावजूद मतगणना स्थल के आसपास ऐसा कहीं नहीं लगा कि कोई कर्फ्यू है। प्रत्याशी के समर्थक बेखौफ होकर घरों से बाहर आए और मतगणना स्थल के पास घूमते रहे।
रविवार को चार तहसील के आठ ब्लाकों में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होने की वजह से मतगणना कर्मचारी और अफसर समय से पहुंच गए लेकिन मतगणना का काम शुरू होने में दो से तीन घंटे जाया हो गए। मुरादाबाद ब्लाक के मतगणना स्थल महाराजा अग्रसेन इंटर कालेज में प्रत्याशी के नाम की सूची न आई, वहीं प्रत्याशी के चुनाव चिह्न की लिस्ट नहीं मिलने से काम देरी से शुरू हो पाया। दोपहर दो बजे तक कहीं ब्लाक में कोई नतीजा नहीं आया। इसके बाद कुछ ब्लाक में एक एक – दो दो करके प्रधान पद के नतीजे आने शुरू हुए। मतगणना स्थल के पास सैकड़ों समर्थकों के पहुंचने से पुलिस की परेशानियां बढ़ गई। कई बार पुलिस को भीड़ को खेदड़ना पड़ा लेकिन इसका बहुत असर नजर नहीं आया। मुरादाबाद ब्लाक के रिटर्निंग अफसर मनोज कुमार ने बताया कि मतगणना के शुरुआत में व्यवस्था बनवाने में कुछ समय लगा, अब काम ठीक तरीके से चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *